पूरी सरकार, विधायक, सांसद तीन दिन रहेंगे मैनपाट में, तिब्बती मोनेस्ट्री में होगा प्रशिक्षण वर्ग

रायपुर: प्रदेश की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा सहित सभी मंत्री विधायक यानी पूरी सरकार के साथ ही प्रदेश के सभी सांसद तीन दिनों तक मैनपाट में रहने वाले हैं। वहां 7 से 9 जुलाई तक इनका प्रशिक्षण होगा। इस प्रशिक्षण वर्ग के लिए मैनपाट में तिब्बती मोनेस्ट्री को तय किया गया है। इसमें 120 कमरे हैं। इन कमरों में ही प्रशिक्षण लेने वाले सभी मंत्री, सांसद, विधायक रहेंगे। इसी के साथ मंत्रियों, सांसद, विधायकों के साथ आने वाले उनके स्टाफ और सुरक्षा कर्मचारियों के लिए अलग से निजी होटलों और रिसोर्ट में व्यवस्था की जा रही है। कुल मिलाकर करीब पांच सौ लोगों के रहने का इंतजाम किया जा रहा है। अभी से व्यवस्था में भाजपा का अंबिकापुर जिला संगठन लग गया है। जल्द ही भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश के सभी महामंत्री भी मैनपाट जाएंगे और तैयारियों का जायजा लेंगे।
भाजपा शासित राज्यों में नेताओं का प्रशिक्षण वर्ग:
भाजपा का राष्ट्रीय संगठन जिन राज्यों में उनकी सरकार है, वहां पर मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों, विधायकों और राज्य के सांसदों के लिए भी समय-समय पर प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन करता है। इस प्रशिक्षण वर्ग में सभी को भाजपा की रीति-नीति के बारे में बताया जाता है। वैसे तो सभी को इसकी जानकारी रहती है, क्योंकि ज्यादातर विधायक, सांसद पहले से भी भाजपा से जुड़े हुए हैं। लेकिन समय-समय पर इनको राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन दिया जाता है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रशिक्षण वर्ग, नड्डा और शाह होंगे शामिल:
इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उद्घाटन में जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आएंगे, वहीं समापन में केंद्रीय मंत्री गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आएंगे। अलग-अलग सत्रों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का भी मार्गदर्शन संभव है। इसी के साथ भाजपा के और राष्ट्रीय नेता भी आ सकते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन भी शिविर में रहेंगे।
तिब्बती मोनेस्ट्री में रहेंगे सभी:
अंबिकापुर के भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने हरिभूमि को बताया, प्रशिक्षण वर्ग चूंकि आवासीय होता है, इसलिए ऐसे स्थान की तलाश की जा रही थी, जहां पर प्रशिक्षण लेने वाले सभी 54 विधायक, 11 सांसदों के साथ ही अन्य कुछ लोग रह सके। ऐसे में मैनपाट के तिब्बती मोनेस्ट्री को चुना गया है। इसमें रहने के लिए 120 कमरे भी हैं।
सभी होटल रिसोर्ट भी कर रहे बुक:
चूंकि तीन दिनों तक पूरी भाजपा सरकार मैनपाट में रहने वाली हैं तो ऐसे में मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के साथ रहने वाला स्टाफ, सुरक्षा अधिकारी भी रहेंगे। इनके रहने की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए मैनपाट के ही निजी होटल और रिसोर्ट को बुक किया जा रहा है। करीब पांच सौ से ज्यादा लोगों के रहने की व्यवस्था की जा रही है। इसी साथ पहले दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और समापन में अमित शाह के साथ आने वाले अधिकारियों और सुरक्षा अधिकारियों के लिए भी रहने की व्यवस्था की जा रही है।
What's Your Reaction?






