MP Bjp President : मध्यप्रदेश बीजेपी का नया बॉस कौन? आ रहे प्रधान, होगा ऐलान!

MP Bjp President : मध्य प्रदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं को जल्द विराम मिल सकता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जुलाई के पहले सप्ताह में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है। केंद्रीय चुनाव अधिकारी धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में यह चुनाव संपन्न होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक भाजपा की ओर से आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। लेकिन पार्टी संगठन में चर्चा है कि एक से तीन जुलाई के बीच धर्मेंद्र प्रधान भोपाल पहुंच सकते हैं और इसी दौरान अध्यक्ष पद का चुनाव कराया जाएगा।
आदिवासी या महिला चेहरे की संभावना
प्रदेश में भाजपा नेतृत्व का जातिगत संतुलन भी इस बार अहम भूमिका निभा सकता है। मौजूदा समय में प्रदेश अध्यक्ष सामान्य वर्ग से हैं, मुख्यमंत्री ओबीसी समुदाय से और उपमुख्यमंत्री अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार पार्टी नेतृत्व आदिवासी वर्ग या किसी महिला नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप सकता है।
कैसे होता है अध्यक्ष का चयन
बता दें कि भाजपा में प्रदेश परिषद के 345 सदस्य मिलकर नए अध्यक्ष का चुनाव करते हैं। ये सदस्य विधानसभा क्षेत्रों के क्लस्टर के आधार पर चुने जाते हैं। इसमें एससी-एसटी, ओबीसी और महिला प्रतिनिधित्व का विशेष ध्यान रखा जाता है।
पहले ऐसे हुए चुनाव
हालांकि, आमतौर पर प्रदेश अध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति से होता है। लेकिन इतिहास में दो बार मतदान की स्थिति बन चुकी है। 1990 के दशक में लखीराम अग्रवाल और कैलाश जोशी के बीच चुनाव हुआ था, वहीं 2000 में शिवराज सिंह चौहान और विक्रम वर्मा आमने-सामने थे, जिसमें विक्रम वर्मा को जीत मिली थी।
अब नहीं कोई बड़ी अड़चन
प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव बीते छह माह से टलता आ रहा था। पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर सहमति न बनने से प्रक्रिया रुकी थी। इसके बाद पहलगाम आतंकी हमले के कारण चुनाव आगे बढ़ाया गया। अब परिस्थितियां सामान्य होने पर पार्टी नेतृत्व चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के मूड में है।
What's Your Reaction?






